अनूपपुर (मध्यप्रदेश), 26 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में बृहस्पतिवार तड़के लकड़ी से लदे एक ट्रक के सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक से टकराने के कारण चालक और उसके हेल्पर की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर कोतमा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर रात करीब दो से तीन बजे के बीच हुआ।
उन्होंने बताया कि ओडिशा से लकड़ी लेकर अनूपपुर की ओर आ रहा ट्रक, सड़क के किनारे डीजल खत्म होने के कारण खड़े दूसरे ट्रक से टकरा गया।
कोतमा थाना प्रभारी रत्नाभर शुक्ला ने बताया कि हादसे में ट्रक चालक मोहम्मद शाहिद और हेल्पर मोहम्मद सुल्तान की मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि लकड़ी से लदे ट्रक के बुरी तरह क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे एक शव को पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद कटर की मदद से बाहर निकाला।
शुक्ला ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
भाषा सं दिमो
मनीषा
मनीषा
