इंदौर (मध्यप्रदेश), 26 नवंबर (भाषा) केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण को मौजूदा 20 प्रतिशत से बढ़ाने से पहले जरूरी परीक्षण किए जाएंगे तथा पूरा पारिस्थितिकी तंत्र तैयार किया जाएगा।
पुरी ने इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में संविधान दिवस पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों के साथ सवाल-जवाब के सत्र में कहा कि भारत ने वर्ष 2030 के मूल लक्ष्य से काफी पहले ही पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथनॉल मिलाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है।
उन्होंने कहा,‘‘आप भरोसा रखिए। हमारी नीति बेहद स्पष्ट है। ई20 पेट्रोल से आगे बढ़ने के लिए हम तमाम परीक्षण करेंगे। जब आवश्यक पारिस्थितिकी तंत्र तैयार हो जाएगा, तब ही हम ई25 या इससे आगे बढ़ने पर विचार करेंगे।’’
पुरी ने रेखांकित किया कि पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण से भारत को विदेशी मुद्रा के मद में 1.90 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है और इसमें से 1.40 लाख करोड़ रुपये किसानों को मिले हैं।
बाद में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा,‘‘देश में एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर कोई समस्या नहीं है। हालांकि, सरकार की तरफ से कोशिश की जा रही है कि लोग एलपीजी छोड़कर पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) पर आ जाएं क्योंकि पीएनजी ज्यादा शुद्ध, किफायती और सुविधाजनक ईंधन है।’’
उन्होंने कहा कि देश में पेट्रोल की कीमतों को लेकर विपक्षी दल जनता में भ्रम फैला रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पेट्रोल की वैश्विक आपूर्ति में फिलहाल कोई कमी नहीं है और मौजूदा हालात को देखते हुए उन्हें लगता है कि आने वाले समय में इस ईंधन के दाम घट सकते हैं।
पुरी ने कहा कि पेट्रोल की कीमतें कच्चे तेल के वैश्विक दामों, परिवहन की लागत, शोधन के लाभांश और डीलर के कमीशन पर निर्भर करती हैं।
उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा,‘‘अब कोई भी व्यक्ति आपसे आकर कहे कि उसके पास जादू की ऐसी छड़ी है जिसे घुमाने से पेट्रोल की कीमतें ऊपर या नीचे हो जाएंगी, तो हकीकत में ऐसा नहीं है। मुझे पांच साल हो गए हैं और मैं भी ऐसी छड़ी ढूंढ रहा हूं, लेकिन मुझे यह अब तक नहीं मिली।’’
मध्यप्रदेश से हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने गए पुरी के खिलाफ कांग्रेस लगातार आरोप लगा रही है कि अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के साथ उनके संबंध थे। कांग्रेस इस बारे में पुरी और एपस्टीन की कथित तस्वीर का हवाला भी दे रही है।
केंद्रीय मंत्री ने विपक्षी दल के आरोपों को एक बार फिर खारिज करते हुए कहा कि इस मुद्दे को राजनीतिक रोटी सेंकने के लिए उठाया गया।
उन्होंने कहा,‘‘मैं इस विषय में पहले ही संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर चुका हूं। मैंने पहले ही कहा कि मैं उस समय संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि नहीं था और प्राइवेट सिटीजन (किसी स्थान पर निजी हैसियत से रहने वाला व्यक्ति जो किसी सरकारी पद पर नहीं है) था। मैं न्यूयॉर्क में रहता था और बड़े लोगों से मिलता था।’’
केंद्रीय मंत्री ने किसी भी व्यक्ति का नाम लिए बगैर कहा,‘‘उस समय एक व्यक्ति ने एक तस्वीर दिखाई है जिसमें वह वहां बैठा है और मैं यहां बैठा हूं। अब आप इससे ज्यादा क्या जानना चाहते हैं?’’
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच फिर से गठबंधन होने पर पुरी ने कहा कि यह गठजोड़ पंजाब समेत पूरे देश के लिए बहुत अच्छा साबित होगा।
भाषा हर्ष जोहेब
जोहेब
