MPPSC State Service Exam 2027: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा 2027 और राज्य वन सेवा परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोग की ओर से परीक्षा के लिए विस्तृत जानकारी साझा की गई है। जानकारी के मुताबिक दिसंबर के पहले सप्ताह में परीक्षा का विज्ञापन जारी हो सकता है। संभावना है कि 5 दिसंबर तक नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद अभ्यर्थियों के आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी।
परीक्षा के पैटर्न में कोई बदलाव नहीं
परीक्षा के पैटर्न में इस बार भी बड़ा बदलाव नहीं किया जा रहा है। अभ्यर्थियों की ओर से इंटरव्यू के अंक कम करने की मांग की जा रही थी, लेकिन आयोग ने इस मांग को खारिज कर दिया है। राज्य सेवा परीक्षा में इंटरव्यू पहले की तरह 185 अंकों का ही रहेगा। वहीं मुख्य परीक्षा में कुल छह पेपर होंगे, जो 1500 अंकों के होंगे। इस तरह इंटरव्यू के 185 अंक जोड़ने के बाद कुल परीक्षा 1685 अंकों की होगी।
ऐसी अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर फॉलो करें
24 जनवरी को आयोजित परिक्षा
प्रारंभिक परीक्षा 24 जनवरी को आयोजित की जाएगी। इसमें दो प्रश्नपत्र होंगे। पहला सामान्य अध्ययन और दूसरा अभिरुचि परीक्षण का होगा। दोनों प्रश्नपत्रों के लिए दो-दो घंटे का समय निर्धारित रहेगा। दूसरा प्रश्नपत्र 300 अंकों का होगा। वहीं मुख्य परीक्षा 10 से 15 मार्च के बीच आयोजित होने की संभावना है। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को लेकर भी आयोग ने विशेष तैयारी की है। एमपीपीएससी की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 में भी टीयर लेयर सिक्योरिटी सिस्टम शुरू किया गया था। इस व्यवस्था को अब आगामी परीक्षा में भी जारी रखा जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से 90 मिनट पहले पहुंचना होगा।
व्यवस्थित किया जाएगा प्रवेश की प्रक्रिया
इस बार अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र पर प्रवेश की प्रक्रिया को भी व्यवस्थित किया जाएगा। आधार कार्ड से जुड़े विवरण के आधार पर परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही पेपर सेटिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछली परीक्षाओं में प्रश्नपत्रों में सामने आई गलतियों और कठिनाई के स्तर को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया में सुधार किया जाएगा। आयोग का प्रयास है कि परीक्षा व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। कुल मिलाकर राज्य सेवा परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए दिसंबर का पहला सप्ताह महत्वपूर्ण रहने वाला है।
