मप्र : सतना में पुलिसकर्मी ने किया व्यक्ति का अपहरण, 50,000 रुपये की फिरौती मांगने का आरोप

By
—
On:
Follow Us

सतना, 26 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के सतना जिले में एक पुलिसकर्मी ने एक युवक का चाकू दिखाकर कथित तौर पर अपहरण कर लिया और उसके परिजनों से 50,000 रुपये की फिरौती वसूलने का प्रयास किया। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में बुधवार-बृहस्पतिवार की दरमियानी रात हुई इस घटना में आरोपी पुलिसकर्मी व दो अन्य को पकड़ लिया गया है जबकि एक फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है।

पकड़े गए आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान विवेक सिंह के रूप में हुई है और वह रैगांव थाना में पदस्थ था तथा पिछले छह महीने से पुलिस अधीक्षक के विशेष दस्ते ‘सुपर 30’ में शामिल था।

सतना के पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित ‘सुपर-30’ एक विशेष पुलिस दस्ता है।

एक कार एजेंसी में सुपरवाइजर के पद पर तैनात पीड़ित ऋषभ सिंह (38) के पिता नरेंद्र बहादुर सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि देर रात उनका बेटा मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था तभी माधवगढ़ के पास आरोपियों ने उसे रोक लिया।

उन्होंने कहा कि आरोपियों ने चाकू से पैर पर वार कर ऋषभ को घायल कर दिया और फिर कुछ दूर स्थित एक बगीचे में बंधक बना लिया तथा उनसे 50,000 रुपये की फिरौती मांगी।

पेशे से वकील नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि इसी दौरान वह कुछ स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हो गए।

रामपुर बाघेलान थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि लोगों द्वारा पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद युवक का अपहरण कर फिरौती मांगने की घटना में शामिल पुलिसकर्मी विवेक सिंह व दो अन्य आरोपी पकड़ लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है।

चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल के साथ ही अपहरण के संभावित स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आरोपियों की भूमिका और अपहरण की मंशा जांच के बाद स्पष्ट होगी।

भाषा सं ब्रजेन्द्र मनीषा

मनीषा

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

कुछ छूट न जाए ....

Leave a Comment

Breaking News