Indore News: इंदौर लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। सांवेर एसडीएम कार्यालय में पदस्थ एक बाबू पर ढाई लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। देपालपुर तहसील के ग्राम उजालिया निवासी राहुल कुमावत अपनी पुश्तैनी जमीन का सीमांकन कराने के लिए सांवेर एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि बाबू ने काम के नाम पर पैसों की मांग की, जिसकी जानकारी लोकायुक्त को दी गई। शिकायत के आधार पर टीम ने मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
लोकायुक्त विभाग ने बताया कि राहुल कुमावत की सांवेर तहसील के ग्राम हरियाखेड़ी में एक पुश्तैनी जमीन है, जोकि उनके पिता की मृत्यु के बाद यह जमीन उनकी मां कमलाबाई कुमावत के नाम पर दर्ज है। जमीन सीमांकन न होने के कारण कुछ लोगों ने उस पर अवैध कब्जा कर लिया था। जमीन को छुड़ाने और उसके दस्तावेज बनवाने के लिए उन्होंने करीब एक साल पहले आवेदन दिया था, लेकिन इस पर लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई और मामला अटका रहा।
सीमांकन के लिए 2.50 लाख की मांग
शिकायतकर्ता ने बताया कि 31 अगस्त 2026 को सीमांकन के काम से वह एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे, जहां उनकी मुलाकात बाबू मनीष श्रीवास्तव से हुई। उसी दौरान जमीन का काम करने के बदले बाबू की ओर से 2.50 लाख रुपये की मांग की गई, जिसकी जानकारी उन्होंने इंदौर लोकायुक्त को 2 सितंबर 2026 को लिखित शिकायत के रूप में दी।
भ्रष्टाचार के आरोप में मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर लोकायुक्त टीम ने एसपी डॉ. राजेश सहाय के निर्देश पर मामले की जांच शुरू कर दी। जांच में बाबू पर रिश्वत मांगने का आरोप सही पाया गया, जिसके बाद अब बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7(क) के तहत मामला दर्ज कर गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।
बाबू के शाही शौक
जानकारी के मुताबिक, मनीष पहले उज्जैन में पदस्थ था और करीब डेढ़ साल पहले ही इंदौर आया था। उस समय भी बाबू के खिलाफ कई शिकायतें हुई थीं। हैरान करने वाली बात तो यह है कि बाबू की तनख्वाह 50 हजार प्रति माह से ज्यादा नहीं है, इसके बावजूद वह इनोवा जैसी महंगी कार में चलता है। इस बात ने उसके खिलाफ और भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
इन्हें भी पढ़ें:
- शराब घोटाला मामला: UAE से अरेस्ट आरोपी विकास अग्रवाल को कोर्ट ने रिमांड पर भेजा, अनवर ढेबर से है खास कनेक्शन
- CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी पर हाईकोर्ट सख्त, राज्य सरकार से मांगा जवाब तो सीएम साय ने कही ये बात
- Jaipur: एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, बंद कमरे में इस हाल में मिली लाश, दीवार पर लिखी बात से उलझी पुलिस
- प्रेम जाल में फंसाया, फिर…शादीशुदा बॉयफ्रेंड ने गला रेतकर की महिला की हत्या, जानें क्या थी वजह?
