Balaghat Crime News: husband strangled his wife to death In Balaghat

By
—
On:
Follow Us

बालाघाट: मोबाइल की लत अब रिश्तों में तनाव और विवाद की वजह भी बनने लगी है। बालाघाट के तिरोड़ी थाना क्षेत्र में देर रात तक मोबाइल चलाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद पति ने कथित तौर पर अपनी 27 वर्षीय पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी (Balaghat Crime News)। वारदात के बाद आरोपी पति पत्नी की तबीयत बिगड़ने की बात कहकर अस्पताल पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच की और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पूरा मामला ग्राम सिवनहेटी का है।

क्या है पूरा मामला?

मृतका सुषमा राऊत का वर्ष 2023 में ग्राम सिवनहेटी निवासी 32 वर्षीय दिनेश राऊत के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह हुआ था। दोनों पति-पत्नी अलग रहते थे और उनके कोई बच्चे नहीं थे। दिनेश मजदूरी का काम करता है। हाल ही में सुषमा अपने मायके पक्ष की रिश्तेदारी में गई थी और 17 नवंबर को वापस लौटी थी। रात में दोनों ने साथ बैठकर भोजन किया और फिर सोने चले गए। इस दौरान सुषमा मोबाइल चला रही थी, जबकि दिनेश सो गया था। रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर दिनेश की नींद खुली तो उसने देखा कि सुषमा अब भी मोबाइल चला रही है। देर रात तक मोबाइल चलाने को लेकर उसने पत्नी को मना किया, लेकिन इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

वारदात के बाद अस्पताल पहुंचा आरोपी

विवाद बढ़ने पर दिनेश ने आवेश में आकर सुषमा का गला दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दिनेश घबरा गया और परिजनों को सुषमा की तबीयत अचानक बिगड़ने की बात बताकर उसे कटंगी अस्पताल लेकर पहुंचा। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद सुषमा को मृत घोषित कर दिया। नवविवाहिता की संदिग्ध मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। 18 नवंबर को तिरोड़ी पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत दम घुटने से होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और पति दिनेश राऊत से पूछताछ की। पूछताछ में दिनेश ने देर रात मोबाइल चलाने को लेकर पत्नी से विवाद होने और इसी दौरान उसका गला दबाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी दिनेश राऊत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामूली विवाद में एक नवविवाहिता की जिंदगी खत्म हो गई और एक परिवार उजड़ गया।

इन्हें भी पढ़ें:-

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News