Assistant Professor Exam Cancelled मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग यानी एमपीपीएससी की भर्ती परीक्षाओं को लेकर एक बार फिर अभ्यर्थियों को झटका लगा है। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा 2025 के दो विषयों की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। 29 नवंबर को होने वाली जूलॉजी और कंप्यूटर साइंस विषय की परीक्षा अब निर्धारित तारीख पर नहीं होगी। इससे पहले बॉटनी विषय की परीक्षा भी स्थगित की जा चुकी है। यानी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के तीन विषयों की परीक्षाएं फिलहाल अटक गई हैं। खास बात यह है कि आयोग अब तक 2024 की भर्ती परीक्षा की चयन सूची भी जारी नहीं कर पाया है। ऐसे में अभ्यर्थियों के सामने परीक्षा और नियुक्ति को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
साइंस विषय की परीक्षा स्थगित
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की भर्ती प्रक्रिया एक बार फिर सवालों के घेरे में है। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा 2025 के तहत 29 नवंबर को आयोजित होने वाली जूलॉजी और कंप्यूटर साइंस विषय की परीक्षा स्थगित कर दी गई है। आयोग ने इससे पहले बॉटनी विषय की परीक्षा भी स्थगित कर दी थी। अब इन तीनों विषयों की परीक्षा की नई तारीख कब घोषित होगी, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
23 विषयों के कुल 1918 पदों के जारी हुआ था विज्ञापन
दरअसल, 2025 की इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 19 विषयों के 1239 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं, लेकिन परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव के चलते अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है। वहीं स्पोर्ट्स ऑफिसर और लाइब्रेरियन के पद भी इस भर्ती में शामिल नहीं हैं। दूसरी तरफ 2024 की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा का मामला भी अब तक पूरी तरह सुलझ नहीं पाया है। आयोग ने दिसंबर 2023 में 23 विषयों के कुल 1918 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। इनमें फिजिक्स के 186, अंग्रेजी के 96, हिंदी के 113, कॉमर्स के 111 और पॉलिटिकल साइंस के 124 पद शामिल थे। वहीं जूलॉजी के 187 और कंप्यूटर साइंस के 87 पद भी भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा थे, लेकिन कई विषयों की चयन सूची अब तक जारी नहीं हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 की भर्ती में करीब 80 प्रतिशत चयन सूचियां जारी हो चुकी हैं, लेकिन शेष विषयों की प्रक्रिया अटकी हुई है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद 13 प्रतिशत अतिरिक्त ओबीसी आरक्षण के मामले में भी प्रक्रिया प्रभावित हुई है।
अभ्यर्थियों की बढ़ी परेशानी
सरकार को इस मामले में फैसला लागू करने के लिए सात जनवरी तक का समय दिया गया था। इसके बाद 87 प्रतिशत पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी करने और शेष 13 प्रतिशत पदों को होल्ड पर रखने की व्यवस्था की गई। ऐसे में अभ्यर्थियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। एक ओर पुरानी भर्ती की चयन सूची का इंतजार है, तो दूसरी ओर नई भर्ती की परीक्षाएं भी स्थगित हो रही हैं। अब सवाल यह है कि एमपीपीएससी इन परीक्षाओं की नई तारीख कब घोषित करेगा और अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए कितना और इंतजार करना पड़ेगा।
