Dr. Mohan Yadav Spain Visit. Image Source- MPDPR
भोपाल: Dr. Mohan Yadav Spain Visit: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पेन यात्रा के तीसरे दिन बार्सिलोना में कैटलोनिया सरकार के विदेश मंत्री जैम डच गुइलोट से भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश के प्रमुख उच्च शिक्षा संस्थान आईआईटी इंदौर और IISER भोपाल को बार्सिलोना के विश्वविद्यालयों से जोड़ते हुए अकादमिक और शोध सहयोग को बढ़ाने की बात कही। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश विश्वस्तरीय अनुसंधान और नवाचार केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
निवेश और औद्योगिक सहयोग के लिए आमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में कैटलोनिया की अग्रणी कंपनियों को मध्यप्रदेश में निवेश और तकनीकी सहयोग के लिए आमंत्रण दिया। उन्होंने प्रदेश की नई औद्योगिक नीति, मजबूत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क और युवा शक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सही समय है जब यूरोपीय कंपनियाँ मध्यप्रदेश को अपने निवेश गंतव्य के रूप में देखें।
Read More : Bhopal News: बांग्लादेशी किन्नर अब्दुल उर्फ नेहा के फर्जी दस्तावेजों का पर्दाफाश, जांच में बड़ा खुलासा
खेल, पर्यटन और संस्कृति में साझेदारी के नए आयाम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एफसी बार्सिलोना फाउंडेशन जैसे संगठनों के साथ मिलकर खेल, नेतृत्व और जीवन कौशल पर आधारित कार्यक्रमों की साझेदारी की संभावनाएं साझा कीं। साथ ही मध्यप्रदेश के विश्व धरोहर स्थलों साँची, खजुराहो और भीमबेटका को यूरोप में प्रमोट करने के लिए संयुक्त पर्यटन अभियान पर भी सहमति बनी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी सुझाव दिया कि दोनों सरकारें प्रदर्शन कला, सिनेमा, साहित्य और संग्रहालयों के माध्यम से सांस्कृतिक संवाद को और सशक्त बनाएं।
तकनीकी सहयोग और नीति-स्तरीय समन्वय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्मार्ट सिटी, ग्रीन बिल्डिंग्स और शहरी परिवहन में कैटलोनिया की विशेषज्ञता का लाभ लेने के लिए तकनीकी सहयोग प्रस्तावित किया। उन्होंने दोनों सरकारों के बीच एक संयुक्त कार्य समूह गठित करने की बात कही, जो प्रमुख परियोजनाओं की पहचान कर उन्हें लागू करने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
वैश्विक मंच पर मध्यप्रदेश की सशक्त उपस्थिति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस मुलाकात को प्रदेश की वैश्विक रणनीति का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब निवेश, शिक्षा, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के लिए तैयार है, और स्पेन यात्रा प्रदेश के विकास में नए अध्याय जोड़ेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की स्पेन यात्रा का उद्देश्य क्या था?
मुख्यमंत्री की यात्रा का मुख्य उद्देश्य मध्यप्रदेश में विदेशी निवेश को बढ़ावा देना, शिक्षा व तकनीकी सहयोग स्थापित करना और सांस्कृतिक व पर्यटन साझेदारियाँ विकसित करना था।
किन क्षेत्रों में निवेश के लिए कैटलोनिया की कंपनियों को आमंत्रित किया गया है?
फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, नवीकरणीय ऊर्जा, स्मार्ट सिटी और ग्रीन बिल्डिंग्स जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रण दिया गया।
क्या मध्यप्रदेश और कैटलोनिया के बीच शिक्षा क्षेत्र में कोई समझौता हुआ?
हां, IIT इंदौर और IISER भोपाल को बार्सिलोना के प्रमुख विश्वविद्यालयों से जोड़कर अकादमिक और शोध सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है।
क्या कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तावित हुआ है?
जी हां, प्रदर्शन कला, सिनेमा, साहित्य और संग्रहालयों के माध्यम से सांस्कृतिक संवाद को मजबूत करने के सुझाव दिए गए हैं।
क्या इस यात्रा से मध्यप्रदेश को लाभ मिलेगा?
यह यात्रा मध्यप्रदेश की वैश्विक उपस्थिति को सशक्त बनाने, अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित करने और बहुआयामी सहयोग की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।











