MP Weather Update: नवंबर का महीना चल रहा है और ऐसे में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। जिससे ठिठुरन बढ़ने लगी है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते देश भर में तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है। देश के कई प्रमुख शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे लुढ़क गया है। वहीं, बात अगर मध्यप्रदेश की करें तो यहां भी मौसम ने करवट ली है। राजधानी भोपाल में लगातार 3 दिनों से शीतलहर का दौर जारी है, जिसके चलते अब अब लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है।
मौसम विभाग की ओर से भोपाल समेत 4 जिलों रायसेन, राजगढ़ और विदिशा के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि राजधानी में बर्फीली हवाओं और शीतलहर के असर से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक लुढ़क गया है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिनों में प्रदेशभर में ठंड और बढ़ने का अनुमान है। विभाग ने कई जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं का असर सबसे ज्यादा ग्वालियर-चंबल और भोपाल संभाग में देखने को मिल सकता है। वहीं, पचमढ़ी और नौगांव शीतलहर के कारण प्रदेश के सबसे ठंडे इलाके बने हुए हैं।
जानें किन इलाके में पड़ रही कड़ाके की ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेशभर में कटनी जिले के करौंदी में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है। शुक्रवार रात यहां न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, दमोह में 6.6 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर और शाजापुर से जुड़े गिरवर में 8.3 डिग्री, रीवा में 8.4 डिग्री, भोपाल में 8.6 डिग्री, नौगांव में 9.2 डिग्री, जबलपुर-रीवा में 9.4 डिग्री रिकॉर्ड तापमान दर्ज किया गया।
इन शहरों में भी लुढ़का पारा
एमपी के कई अन्य शहरों में भी तापमान में गिरावट देखने को मिली है। 32 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है। खजुराहो-रायसेन में 10 डिग्री, ग्वालियर 10.2 डिग्री, दतिया 10.4 डिग्री, मंडला-सीधी 10.6 डिग्री, सतना 10.7 डिग्री, शिवपुरी में 10 डिग्री, राजगढ़, गुना-छिंदवाड़ा में 11 डिग्री, श्योपुर 11.2 डिग्री, बैतूल, रतलाम, खंडवा, धार और सागर में 13 डिग्री, इंदौर और मलाजखंड-टीकमगढ़ में 11.5 डिग्री, उज्जैन में 12.3 डिग्री रिकॉर्ड तापमान दर्ज किया गया।
