भोपाल, 20 नवंबर (भाषा) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को यहां मुर्गियों व पक्षियों को बर्ड फ्लू की बीमारी से बचाने के लिए विकसित पहला स्वदेशी टीका ‘एच5एन1 चिकन वैक्सीन’ राष्ट्र को समर्पित किया।
इस अवसर पर राजधानी भोपाल के आनंद नगर में स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि यह स्वदेशी टीका बर्ड फ्लू की रोकथाम और पशु स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा, ‘‘बर्ड फ्लू से मुर्गियों की बड़े पैमाने पर मौत और पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता है। स्वदेशी टीके से भारत में बर्ड फ्लू नियंत्रण को मजबूती मिलेगी।’’
केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि यह टीका भोपाल स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह टीका भारत में अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (एचपीएआई) वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए के विरुद्ध विकसित अपनी तरह का पहल टीका है।’’
एचपीएआई को आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है और यह मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली एक गंभीर बीमारी है। इसके प्रकोप से संक्रमित पक्षियों की मौत हो सकती है।
भाषा दिमो ब्रजेन्द्र शफीक
शफीक
