मेडिकल के क्षेत्र में अक्सर ऐसे मामले सामने आते हैं, जिन पर पहली बार में यकीन करना मुश्किल हो जाता है। कभी कोई महिला एक साथ कई बच्चों को जन्म देकर सुर्खियों में आ जाती है, तो कभी डॉक्टरों के सामने ऐसी चुनौती आ जाती है, जो चिकित्सा विज्ञान को भी हैरान कर देती है। ऐसा ही एक विचित्र और चौंकाने वाला मामला मध्य प्रदेश के देवास से सामने आया है। यहां 65 साल की एक महिला का पेट लगातार फूलता जा रहा था। पेट का आकार देखकर ऐसा लग रहा था, मानो उसमें कई बच्चे पल रहे हों। डरे-सहमे परिजनों ने जब महिला को डॉक्टर के पास लेकर गए तो इसकी असली वजह सामने आई। इसके बाद डॉक्टर भी हैरान रह गए।
दरअसल, देवास की रहने वाली 65 साल की एक महिला का पेट लगातार बढ़ रहा था। डॉक्टर्स ने जब महिला को जांच की तो महिला के पेट से करीब 26 किलोग्राम वजनी ओवेरियन ट्यूमर का पता चला। ट्यूमर का आकार इतना बड़ा हो चुका था कि महिला के लिए सामान्य रूप से बैठना, खड़ा होना और यहां तक कि सांस लेना भी मुश्किल हो गया था। कई जगह उपचार कराने के बाद महिला को देवास-उज्जैन मार्ग स्थित अमलतास सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने जटिल ऑपरेशन कर ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया। इसे प्रदेश के चिकित्सा इतिहास का अपनी तरह का पहला मामला बताया जा रहा है।
चिकित्सकों की टीम ने चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को दिया अंजाम
अस्पताल में जांच के दौरान महिला के अंडाशय में विशालकाय ट्यूमर होने की पुष्टि हुई। इसके बाद चिकित्सकों ने ऑपरेशन का निर्णय लिया। डॉ. उमेश जेठवानी के नेतृत्व में डॉ. रजत, डॉ. कौशल, डॉ. शफक और एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की टीम ने सर्जरी की। ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट से लगभग 26 किलोग्राम वजनी ट्यूमर निकाला गया। ट्यूमर के आकार और महिला की उम्र को देखते हुए यह सर्जरी चिकित्सकों के लिए बड़ी चुनौती थी। हालांकि, पूरी टीम के समन्वित प्रयास से ऑपरेशन सफल रहा। लंबे समय तक पेट में भारी ट्यूमर का दबाव झेलने वाली महिला अब अपने पैरों पर खड़ी हो पा रही हैं। चिकित्सकों के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद उन्हें राहत मिली है और उनकी सामान्य गतिविधियों में भी सुधार हो रहा है।
इन्हें भी पढ़ें:-
