बालाघाट (मप्र), 28 नवंबर (भाषा) बालाघाट जिले में बाघ के हमले में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घटना शुक्रवार को लालबर्रा वन परिक्षेत्र के कल्याणपुर बीट के कक्ष क्रमांक 427 में हुई जहां कुमादेही कलेगांव निवासी सुखचंद मरकाम अपने परिवार के साथ बांस कटाई का काम कर रहा था और उनका बेटा सौरव मरकाम (12) पास में खेल रहा था।
अधिकारियों के अनुसार, इसी बीच जंगल से निकले एक बाघ ने सौरव की गर्दन अपने जबड़े में दबा ली और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा।
उन्होंने बताया कि बच्चे की मां बुद्धुबाई और अन्य श्रमिकों ने शोर मचाया और बाघ की ओर दौड़े। इस पर बाघ बच्चे को करीब 300 से 500 मीटर तक ले जाने के बाद उसे छोड़कर जंगल में भाग गया।
घटना के बाद घायल बालक को लालबर्रा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सौरव की मां ने बताया कि उनका परिवार पिछले 15 दिन से इस क्षेत्र में बांस कटाई के काम में लगा हुआ था।
वन्यजीव प्रेमी सिकंदर मिश्रा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी की जानकारी होने के बावजूद वन विभाग ने बांस कटाई के दौरान श्रमिकों और उनके परिवारों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बांस कटाई नहीं कराने की मांग वह पहले भी कर चुके थे।
लालबर्रा के वन परिक्षेत्र अधिकारी वेदांत मरकाम ने बताया कि विभाग को घटना की सूचना दोपहर करीब तीन से सवा तीन बजे के बीच मिली। उन्होंने दावा किया कि श्रमिकों को बच्चों को कार्यस्थल पर नहीं लाने की हिदायत दी गई थी। घटना के समय बीट प्रभारी और सुरक्षाकर्मी भी मौके पर मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है, जबकि आठ लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि बाद में प्रदान की जाएगी।
भाषा सं दिमो खारी
खारी
