रायसेन में भारी बारिश के कारण झोपड़ी ढहने से पांच लोग घायल |

By
—
On:
Follow Us

रायसेन, 26 जून (भाषा) मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के एक गांव में भारी बारिश के कारण एक अस्थायी झोपड़ी के ढहने से बृहस्पतिवार को एक परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक पीड़ितों में एक दंपति और उनके तीन बच्चे शामिल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर बेगमगंज कस्बे के पास वीरपुर गांव में हुई। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में सुबह चार बजे से बारिश हो रही है।

झोपड़ी गिरने की सूचना मिलने के बाद बेगमगंज के तहसीलदार एस आर देशमुख, उप-विभागीय दंडाधिकारी और पुलिस के उप-विभागीय अधिकारी ने घटनास्थल का दौरा किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

सिविल ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ नितिन सिंह तोमर ने संवाददाताओं को बताया कि इस हादसे में कैलाश अहिरवार (40), उनकी पत्नी भगवती बाई और उनके तीन बेटे भागीरथ (18), कृष्णा (12) और विनय (19) को मामूली चोटें आई हैं।

देशमुख ने कहा कि उन्हें दीवार और छत गिरने से संबंधित छह अन्य शिकायतें भी मिली हैं।

उन्होंने कहा कि सभी पटवारियों (राजस्व अधिकारियों) को अपने क्षेत्रों की बारीकी से निगरानी करने और जान-माल के नुकसान के किसी भी मामले की तुरंत रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।

बृहस्पतिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई और यह सिलसिला आगे भी जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों में पांच जिलों में बहुत भारी बारिश और 16 अन्य जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।

भाषा

सं, दिमो, रवि कांत

रवि कांत

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News