खरगोन जिले के बड़वाह से भाजपा विधायक सचिन बिरला के निजी सहायक संदीप बिरला की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनका शव बेड़िया के पास सड़क किनारे मिला। घटनास्थल पर उनकी बाइक भी पड़ी हुई थी। प्रारंभिक तौर पर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक सचिन बिरला, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल सहित भाजपा के कई नेता अस्पताल पहुंचे। अपने करीबी सहयोगी के असामयिक निधन से विधायक भावुक हो गए। संदीप के निधन के चलते भाजपा ने दीपावली मिलन समारोह भी निरस्त कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, संदीप बिरला बुधवार रात सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक सचिन बिरला के दीपावली मिलन समारोह की तैयारियों के सिलसिले में बड़वाह पहुंचे थे। रात करीब 11 बजे होटल में भोजन करने के बाद वे बाइक से अपने गांव डूडगांव के लिए रवाना हुए। हालांकि, वे घर नहीं पहुंचे। बाद में बेड़िया के बाहर सड़क किनारे उनका शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर उनकी बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी थी। प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि संदीप बिरला पिछले दस वर्षों से अधिक समय से विधायक सचिन बिरला के निजी सहायक के रूप में कार्यरत थे। लंबे समय तक साथ काम करने के कारण वे विधायक के बेहद करीबी और भरोसेमंद सहयोगियों में गिने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन से विधायक के साथ-साथ पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं को भी गहरा आघात पहुंचा है। इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
इन्हें भी पढ़ें:
- सपाई पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराते थे, अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन : केशव प्रसाद मौर्य
- PF खाताधारकों की बल्ले-बल्ले! 90% निकासी का रास्ता साफ, 3 दिन में मिलेगा पैसा! जानें ये नए नियम
- लखनऊ में नील के खेतों के जरिए क्लाउड मार्टिन की विरासत के रूबरू हुए फ्रांसीसी छात्र
- अस्पताल के ICU रुम में नाबालिग लड़की के साथ वार्ड बॉय ने की गंदी हरकत, CCTV फुटेज वायरल
- मारुति ने ग्राहकों को फिर दिया बड़ा झटका! चुपके से बढ़ाए कारों के दाम, अब देने होंगे इतने रुपये एक्स्ट्रा!
