इंदौर के पूर्व होलकर राजाओं के महल परिसर में मिली बंद तिजोरी का रहस्य कायम

By
—
On:
Follow Us

इंदौर, 19 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश में इंदौर के पूर्व होलकर राजाओं के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस परिसर में दो दिन पहले मिली लोहे की बंद तिजोरी का रहस्य बृहस्पतिवार को भी बरकरार रहा क्योंकि राज्य के पुरातत्व विभाग ने फैसला किया कि वह इसका रासायनिक उपचार कराने के बाद इसे तय प्रक्रिया के तहत इत्मीनान से खोलेगा।

पुरातत्व विभाग के संरक्षित स्मारक में मिली ऐतिहासिक तिजोरी को पूर्व होलकर राजवंश से जुड़े एक ट्रस्ट और एक अन्य व्यक्ति ने अपनी मौजूदगी में खोले जाने का अनुरोध किया है, जबकि एक महिला ने इसे अपनी पैतृक संपत्ति बताया है।

राज्य पुरातत्व विभाग के उप संचालक के. एल. डाभी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह तिजोरी लालबाग पैलेस परिसर में जारी विकास कार्य के दौरान जमीन की ऊपरी सतह के मलबे में 17 नवंबर को मिली थी, हालांकि विभाग के रिकॉर्ड में इस वस्तु का कोई उल्लेख नहीं है।

उन्होंने बताया कि लोहे की यह तिजोरी 19वीं शताब्दी के आस-पास की है और इसका वजन तकरीबन 1.50 क्विंटल है।

डाभी ने बताया,‘‘हम पहले तिजोरी का रासायनिक उपचार कराएंगे। फिर तय प्रक्रिया के तहत जिला प्रशासन को सूचना देकर इसका ताला खोलने के लिए विशेषज्ञों को बुलाया जाएगा। ताला खोलने की प्रक्रिया की विधिवत वीडियोग्राफी कराई जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि लालबाग पैलेस और उसका पूरा परिसर राज्य संरक्षित स्मारक है और इसमें जमीन के भीतर मिलने वाली वस्तुओं पर नियम-कानूनों के तहत पुरातत्व विभाग का अधिकार है।

अधिकारियों ने बताया कि पूर्व होलकर राजवंश द्वारा परमार्थिक कार्यों के लिए स्थापित देवी अहिल्याबाई होलकर एजुकेशनल ट्रस्ट और गौतम राव होलकर नामक व्यक्ति की ओर से पुरातत्व विभाग को इस तिजोरी के बारे में आवेदन मिले हैं। इनमें कहा गया है कि तिजोरी को आवेदकों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खोला जाए।

इसके अलावा, वंदना सोनी नाम की महिला ने मीडिया के सामने दावा किया कि लालबाग पैलेस परिसर में मिली तिजोरी उनकी पैतृक संपत्ति है और मध्यप्रदेश के गुना से इंदौर लाई गई थी।

देवी अहिल्याबाई होलकर एजुकेशनल ट्रस्ट के सचिव मनोज मालवीय ने कहा,‘‘हमारा उद्देश्य तिजोरी पर दावा करना नहीं है। हम चाहते हैं कि यदि इसमें पूर्व होलकर राजवंश से संबंधित ऐतिहासिक महत्व के दस्तावेज या अन्य वस्तुएं मिलती हैं, तो उन्हें विरासत के रूप में संरक्षित किया जाए।’’

जानकारों के मुताबिक लालबाग पैलेस का निर्माण तत्कालीन होलकर राजवंश की तीन पीढ़ियों के शासकों द्वारा 1886 से 1926 के बीच कराया गया था। उन्होंने कहा कि यह तीन मंजिला महल यूरोपीय स्थापत्य शैली से प्रभावित है और तत्कालीन होलकर शासकों की कला एवं वास्तुकला के प्रति गहरी रुचि को दर्शाता है।

भाषा हर्ष संतोष

संतोष

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News