Maihar School Viral Video: स्कूल को शिक्षा का मंदिर कहा जाता है। यहां बच्चे पढ़ाई-लिखाई कर विद्या ग्रहण करने आते है। लेकिन क्या होगा जब किताबें पकड़ने की उम्र में बच्चों को स्कूल में साफ सफाई का काम कराया जाए। मध्यप्रदेश के मैहर जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय घुनवारा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। मामले में कलेक्टर ने ततकाल कार्रवाई करते हुए हेडमास्टर को निलंबित दिया है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।
शौचालय की सफाई करती नजर आ रही हैं छात्राएं
जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो जिले के घुनवारा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय का है जो कि सोमवार दोपहर का बताया जा रहा है। वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर सामने आया था। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूल की छात्राएं पढ़ाई छोड़कर शौचालय की सफाई करती नजर आ रही हैं। एक छात्रा हाथ में वाइपर लेकर फर्श साफ कर रही है, जबकि दूसरी जग से पानी डालकर सफाई में जुटी हुई है। वीडियो में छात्राओं को विद्यालय परिसर के शौचालय की सफाई करते देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने कार्रवाई करते हुए संबंधित हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है।
कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने लिया तत्काल संज्ञान
मामले की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित हेडमास्टर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया था। मामले में हेडमास्टर को निलंबित किया गया है और आगे की जांच जारी है। उन्होंने आगे कहा कि अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि छात्राओं से शौचालय की सफाई किन परिस्थितियों में कराई गई। इस मामले में विद्यालय के अन्य जिम्मेदारों की क्या भूमिका रही।

अब सवाल यह है कि आखिर शिक्षा के मंदिर में बच्चों के साथ इस तरह की हरकत कैसे की जा सकती है? क्या स्कूल में साफ़ सफाई के लिए कर्मचारी नहीं है? आपको बता दें कि यह पहला मामला नहीं है। सरकारी स्कूलों से इस तरह के कई वीडियो सामने आते रहते है। वहीं इस वीडियो के वायरल होते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
