Alirajpur Double Murder Case अलीराजपुर में सोमवार को हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 3 आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस जांच में हत्या की जो वजह सामने आई है वो बेहद चौकाने वाली है। आरोपियों ने ‘जान के बदले जान’ की रंजिश के चलते इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।
प्रेमी के साथ मिल कर पति की हत्या
दरअसल पूरा मामला चाँदपुर थाना क्षेत्र के मोरधी गाँव में हुई एक हत्या से जुड़ा हुआ है। जिसमे पत्नी ने अपने चचेरे देवर के साथ अवैध संबंध का खुलासा होने पर प्रेमी के साथ मिल कर पति को मौत के घाट उतार दिया था। इसी घटना की रंजिश के चलते मृतक पति के परिवार वालो ने आरोपी पत्नी के प्रेमी के परिवार के दो सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया। घटना सोमवार की है जब खंडवा-बड़ौदा राजमार्ग पर एक युवक और एक 55 वर्षीय बुजुर्ग साप्ताहिक हाट बाज़ार के लिए आलीराजपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान एक बोलरे वाहन में आए 5 लोगो ने उन्हें टक्कर मार दी और उसके बाद आरोपियों ने वाहन से धारदार हथियार के वार कर दोनों की बेरहमी से हत्या कर दी।
24 घंटे की भीतर ही 5 आरोपी को गिरफ्तार
वारदात की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस घटना स्थल पर पहुँची और दोनों के शव पोस्ट मॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक समर वर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मोरधी गाँव में बीते दिनों पत्नी और उसके प्रेमी द्वारा की गई युवक के हत्या के बाद मृतक के परिजनों में रंजिश थी। उसी रंजिश के चलते उसके परिवार के सदस्यों ने सोमवार को इस दोहरे हत्या को अंजाम दिया था, हालांकि पुलिस ने मामले की गंभीरता से जाँच कर 24 घंटे की भीतर ही घटना में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है शेष आरोपी जो इसमें सहयोगी थे उनकी भी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार 5 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है।
