Mhow Murder Case: इंदौर के पास महू में बेटी की तलाश में निकले एक पिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महेश अपनी लापता बेटी के बारे में पूछताछ करने जादूसिंह के घर पहुंचे थे। यहां मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि जादूसिंह, उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों ने महेश पर लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल की चेन से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महेश की अस्पताल में मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मानपुर थाने का घेराव किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने पीट-पीटकर मार डाला
इंदौर के पास महू के मानपुर इलाके में एक पिता अपनी लापता बेटी को ढूंढने निकला था। लेकिन, उसे क्या पता था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। बेटी के बारे में जानकारी जुटाने पहुंचे महेश की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान ग्राम बिचौली निवासी महेश पिता घनश्याम के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे।
किस बात पर हुआ विवाद?
पुलिस के मुताबिक, उनकी बेटी खेतिहर मजदूरी का काम करती थी और आरोपी जादूसिंह की पत्नी कविता के साथ मजदूरी पर जाती थी। घटना वाले दिन महेश की बेटी घर पर नहीं मिली। इसके बाद वह उसकी तलाश में निकले और जादूसिंह के घर पहुंचकर बेटी के बारे में पूछताछ की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की। महेश ने विरोध किया तो उन्हें दीवार की तरफ धक्का देकर दबा लिया गया। आरोप है कि इसी दौरान जादूसिंह, उसकी पत्नी कविता और परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए। इसके बाद सभी ने मिलकर महेश पर हमला कर दिया। लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल की चेन से उन पर कई वार किए गए। हमले में महेश गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आक्रोशित लोगों ने थाने का किया घेराव
महेश की मौत की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। देर रात बड़ी संख्या में ग्रामीण मानपुर थाने पहुंचे और घेराव कर दिया। ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। कुछ लोग आरोपियों को भीड़ के हवाले करने की मांग पर अड़ गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
हत्या करने वाले पांच गिरफ्तार
मामले में मानपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जादूसिंह, उसकी पत्नी कविता समेत परिवार के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
