उमरिया, 23 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में घुनघुटी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत मोर्चा फाटक और घुनघुटी रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट में आने से एक भालू की मौत हो गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सहायक वन मंडल अधिकारी (एसडीओ) दिगेन्द्र सिंह पटेल ने बताया कि घुनघुटी रेंज में मोर्चा फाटक और घुनघुटी स्टेशन के बीच कक्ष क्रमांक पीएफ-307 में ट्रेन की टक्कर से भालू की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य के वन्यजीव चिकित्सक और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। अधिकारियों के पहुंचने के बाद भालू का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और फिर उसके अवशेष का प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया जाएगा।
वहीं स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि क्षेत्र में कोयला खदानों की भारी मशीनों से होने वाले शोर के कारण भालू दूसरी ओर भागा और इस दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया।
घुनघुटी क्षेत्र में 14 निजी कंपनियों को कोयला खदानें आवंटित की गई हैं और वहां खनन गतिविधियां शुरू हो गई हैं।
स्थानीय लोगों का दावा है कि यह क्षेत्र वन्यजीवों के आवागमन का महत्वपूर्ण गलियारा है और यहां खनन गतिविधियों से वन्यजीवों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है।
भाषा सं दिमो धीरज
धीरज
