इंदौर (मप्र), 23 नवंबर (भाषा) इंदौर में बिजली विभाग के 97,000 रुपये के चालान को रफा-दफा करने के एवज में एक कैफे संचालक से अलग-अलग किस्तों में कुल 45,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में लोकायुक्त पुलिस ने एक कनिष्ठ अभियंता और मीटर रीडर समेत तीन लोगों के खिलाफ सोमवार को मामला दर्ज किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस निरीक्षक आशुतोष मिठास ने बताया कि शिकायतकर्ता आर्जव जैन शहर की एक बहुमंजिला इमारत में कैफे चलाते हैं और कनिष्ठ अभियंता रवि मिश्रा ने उनके प्रतिष्ठान पर कार्रवाई करते हुए 97,000 रुपये का चालान काटा था।
उन्होंने बताया,‘‘शिकायत के मुताबिक इस चालान को रफा-दफा करने के एवज में आरोपियों ने मिलीभगत करके मीटर रीडर संदीप मिश्रा के जरिये 45,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें से 20-20 हजार रुपये की राशि दो किश्तों में कैफे संचालक से पहले ही ऐंठी जा चुकी थी।’’
पुलिस निरीक्षक ने बताया कि कथित रिश्वत की शेष 5,000 रुपये की रकम शिकायतकर्ता से बहुमंजिला इमारत के हाउसकीपिंग सुपरवाइजर दीपक सचदेवा ने प्राप्त की और इसे मीटर रीडर को दे दिया।
मिठास ने बताया,‘‘हमने शिकायत पर जाल बिछाया और मीटर रीडर को हाउसकीपिंग सुपरवाइजर से यह रकम लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के संबद्ध प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
निरीक्षक ने बताया कि फिलहाल इनमें से किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
भाषा हर्ष धीरज
धीरज
