त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को आगामी नगर निकाय चुनावों के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया और इसमें बेहतर सुविधाएं, आधुनिक बुनियादी ढांचा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। अगरतला नगर निगम (एएमसी) सहित राज्य के 16 नगर निकायों के चुनाव 27 नवंबर को होंगे। मतगणना दो दिसंबर को की जाएगी।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 21 सूत्री ‘संकल्प पत्र’ में यातायात जाम, जल निकासी, कचरा प्रबंधन, बिजली आपूर्ति और सड़क संपर्क जैसी शहरी चुनौतियों से निपटने की योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यातायात जाम से राहत दिलाने के लिए हम शहरी क्षेत्रों में अतिरिक्त पार्किंग स्थल विकसित करने, अगरतला में एक और फ्लाईओवर बनाने और दोबारा सत्ता में आने पर निर्माणाधीन बाईपास सड़क परियोजना को पूरा करने का प्रस्ताव रखते हैं।’’
