MP News: उज्जैन के माकड़ौन थाना क्षेत्र से अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां अवैध शराब पकड़ने गई आबकारी विभाग की टीम पर तस्कारों ने ही हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए आबकारी विभाग की पूरी टीम को वहां से उल्टे पैर भागना पड़ा। घटना के दौरान कई अधिकारियों को चोट भी आई है। इतना ही नहीं आरोपियों ने सरकारी संपत्ति की लूट और गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की।
जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, आरोपियों के खिलाफ अवैध शराब की बिक्री और आबकारी विभाग की टीम पर हमले से जुड़े प्रकरणों में मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही पुलिस दोनों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
सूचना के आधार मारा छापा
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर को तराना आबकारी विभाग की उप निरीक्षक रानी सिंह को गश्त के दौरान सूचना मिली कि ग्राम सालनाखेड़ी निवासी जगदीश चौहान और उसका बेटा कुलदीप चौहान अवैध शराब का कारोबार करते हैं। साथ ही ये भी जानकारी मिली कि वो दोनों कच्ची शराब लेकर कहीं जाने की तैयारी में हैं।
घटना में चार अधिकारी घायल
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम आरोपियों के घर जा पहुंची। जहां उन्हें जगदीश के पास से अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। इसी दौरान आरोपी और उसके परिजनों ने आबकारी विभाग के अधिकारियों पर पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में आबकारी सब इंस्पेक्टर समेत 4 लोग घायल हुए।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
आरोपियों ने हमले के बाद जब्त की गई अवैध शराब के साथ अधिकारियों से नगदी, पर्स, आईडी कार्ड और अन्य सामान भी लूट लिया। इतना ही नहीं बदमाशों ने टीम के लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। सरकारी कार्य में रुकावट पैदा करने, अवैध शराब तस्करी और सरकारी संपत्ति से तोड़फोड़ करने के आरोप में दोनों बाप-बेटे पर माकड़ोन थाने में बीएनएस की कई धाराओं में केस दर्ज किए गए हैं।
कार्रवाई में माकड़ोन थाना प्रभारी रविंद्र कटारे, उप निरीक्षक लालचंद शर्मा, रामचंद्र दलोदिया, सहायक उप निरीक्षक उपेंद्र सिंह यादव, प्रधान आरक्षक सूरज यादव और आरक्षक प्रकाश चंद्र मेहता, राजेंद्र सिंह, कुंदन सिंह व रविंद्र मुकाती की मुख्य भूमिका रही।
