MLA Girish Gautam Video Viral: सोशल मीडिया पर कब क्या वायरल हो जाए ये कहा नहीं जा सकता है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने कई बार किसी को रातों रात स्टार बना दिया है तो किसी की पोल भी खोलकर रख दी है। पोल खोलने वाला ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। ये वायरल वीडियो किसी और का नहीं बल्कि देवतालाब विधायक गिरीश गौतम का है। वायरल वीडियो में गिरीश गौतम को एक पार्टी कार्यकर्ता जूता पहनाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया ही नहीं सियासी गलियारे में भी बवाल हो मचा हुआ है। वहीं, एक बार फिर विपक्षी नेताओं को बैठे बिठाए सत्ता पक्ष ने कटाक्ष करने का एक और मुद्दा दे दिया है।
विधायक गिरीश गौतम को कार्यकर्ता ने पहनाया जूता
सामने आए वीडियो में आप देख सकते हैं कि मऊगंज जिले के देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के विधायक गिरीश गौतम जनता की समस्या सुनने जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंचे थे। लेकिन यहां विधायक महोदय अपनी ही समस्या कार्यकर्ता से सुलझवाते नजर आए। कार्यक्रम के बाद एक कार्यकर्ता गिरीश गौतम को जूता पहनाते हुए नजर आ रहे हैं। वैसे ये पहली बार नहीं है जब किसी कार्यकर्ता का जूता पहनाते वीडियो सामने आया है और वायरल भी हुआ हो। पहले भी ऐसे कई वीडियो सामने आ चुक, बावजूद इसके विधायकों और नेताओं की हनक कम होने का नाम ही नहीं ले रही है।
कौन हैं विधायक गिरीश गौतम
गिरीश गौतम मध्य प्रदेश के एक वरिष्ठ राजनीतिज्ञ हैं, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से देवतालाब विधानसभा क्षेत्र (मऊगंज जिला) से विधायक हैं और मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। गिरीश गौतम 1972 के दौर से राजनीति में सक्रिय हैं और उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत छात्र नेता के तौर पर की थी। गिरीश गौतम प्रदेश के वो नेता हैं, जो सीधे जमीन से जुड़े हैं। कृषि व्यवसाय करने वाले मप्र विधानसभा के नए अध्यक्ष बीएससी और एलएलबी पासआउट हैं। बताया जाता है कि 1972 से ही वे गरीबों और किसानों के लिए संघर्ष करते रहे। साइकल पर चलते थे और जरूरतमंदों से कभी वकालत की फीस नहीं लेते थे। ये जानकार आश्चर्य होगा कि गिरीश गौतम कम्युनिस्ट विचारधारा से प्रभावित रहे हैं।
रह चुके हैं विधानसभा अध्यक्ष
गिरीश गौतम 2003, 2008, 2013, 2018 और 2023 में लगातार पांच बार मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने 2003 में मनगवां से और परिसीमन के बाद देवतालाब से चुनाव जीता। गिरीश गौतम 22 फरवरी, 2021 से 14 दिसम्बर, 2023 तक मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे।
