भोपाल: क्या होगा जब कोई मंत्री या VVIP फ्लाइट से सफर करने जा रहा हो और उसे अपनी ही सीट के लिए इंतजार करना पड़े? ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सामने आया है। यहां केन्द्र की मोदी सरकार में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) के दिल्ली जाने के दौरान अचानक इंडिगो ने उनकी फ्लाइट बदल दी, जिसके कारण उनका सीट भी बदल गया।
भीड़ में फंसे रहे मंत्री जी
बताया जा रहा है कि यह घटना बीते 23 नवंबर की है। शिकायत के अनुसार केंद्रीय मंत्री इंडिगो एयरलाइन की नियमित उड़ान से भोपाल से दिल्ली जा रहे थे। ड्यूटी मैनेजर मौजूद नहीं थे। ऐसे में वहां के कर्मचारियों ने उन्हें आगे ले जाकर एयरोब्रिज पर खड़ा कर दिया और वे देर तक भीड़ में फंसे रहे। हैरानी की बात यह भी रही कि बिना किसी सूचना के विमान भी बदल दिया गया। यात्रियों की भीड़ देखकर शिवराज करीब 15 मिनट तक इंतजार के बाद विमान में पहुंचे तो उनकी सीट पर दूसरा यात्री बैठा था।
मंत्री के अधिकारी ने की शिकायत
इस पूरी घटना ने एयरपोर्ट प्रबंधन की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार अधिकारियों पर सवाल खड़े कर दिए है। मंत्री के विशेष कार्य अधिकारी भूपेंद्र सिंह परिहार ने नागरिक उड्डयन मंत्री के निजी सचिव को पत्र लिखकर अव्यवस्थाओं और सुरक्षा संबंधी चूक की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। मंत्री के स्टाफ का कहना है कि शिवराज नहीं चाहते थे कि उनकी वजह से किसी यात्री को परेशानी हो, इसलिए किनारे खड़े हो गए थे। एयरपोर्ट डायरेक्टर सुजीत कुमार पोद्दार ने बताया कि कंपनी को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में दोबारा ऐसा न हो।
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने क्या कहा?
एयरपोर्ट डायरेक्टर सुजीत कुमार पोद्दार ने बताया कि है कि यह घटना चार दिन पहले की है। जब मंत्री शिवराज सिंह चौहान इंडिगो फ्लाइट से दिल्ली जा रहे थे। उनकी सीट पहले नंबर की थी। अचानक विमान बदल गया तो उनकी सीट भी बदल दी गई। इस कारण उन्हें परेशानी हुई थी। बाद में हमने एयरलाइन के साथ बैठक कर मामले को सुलझा दिया था।
