MP GOVT to Borrow 1,500 Crore: here is the total debt already incurred and how the funds will be utilized.

By
—
On:
Follow Us

MP GOVT to Borrow 1,500 Crore: राज्य सरकार राजकोषीय अनुशासन और विकास के बीच संतुलन साधते हुए प्रदेश की आर्थिक एवं अधोसंरचनात्मक क्षमता को बेहतर करने के लिए पूंजीगत निवेश बढ़ा रही है। इसी रणनीति के तहत राज्य सरकार एक दिसंबर को 1500 करोड़ रुपये का बाजार ऋण लेगी। भारतीय रिजर्व बैंक की बेंचमार्क इश्यूएंस स्ट्रेटेजी (बीआईएस) के अंतर्गत लिया जाने वाला यह ऋण केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित उधारी सीमा के भीतर है। सरकार का विशेष जोर सड़क, सिंचाई, ऊर्जा और अन्य दीर्घकालिक उत्पादक परिसंपत्तियों के निर्माण पर है। विकासोन्मुख वित्तीय नीति के चलते वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश का पूंजीगत परिव्यय एक लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार करने की संभावना है। समयबद्ध ऋण पुनर्भुगतान और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के साथ राज्य सरकार प्रदेश की उत्पादन क्षमता, रोजगार के अवसरों और आर्थिक विकास को नई गति देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

राज्य सरकार द्वारा एक दिसंबर को प्रस्तावित 1500 करोड़ रुपये का बाजार ऋण तीन अलग-अलग हिस्सों में 500,500 एवं 500 करोड़ रुपये के रूप में लिया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भारत सरकार द्वारा प्रदेश की कुल उधारी सीमा लगभग 87 हजार करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसमें प्रथम नौ माह के लिए 58 हजार 274 करोड़ रुपये की बाजार ऋण सीमा स्वीकृत है। माह नवंबर तक राज्य सरकार 51 हजार 900 करोड़ रुपये का बाजार ऋण प्राप्त कर चुकी है। प्रस्तावित ऋण भी निर्धारित सीमा के भीतर है।

राज्य सरकार ने ऋण पुनर्भुगतान में वित्तीय अनुशासन का बेहतर रिकॉर्ड कायम रखा है। राज्य सरकार ने पिछले वित्तीय वर्ष में 29 हजार 980 करोड़ रुपये तथा चालू वित्तीय वर्ष में नवंबर के दूसरे सप्ताह तक 15 हजार 573 करोड़ रुपये का ऋण पुनर्भुगतान किया है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश सरकार ने अपने ऋण दायित्वों के भुगतान में कभी डिफॉल्ट नहीं किया है। सभी निर्धारित भुगतान समय पर किए गए हैं। यह राज्य की ऋण प्रबंधन क्षमता और वित्तीय विश्वसनीयता को दर्शाता है।

एक लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार करेगा पूंजीगत परिव्यय

प्रदेश में अधोसंरचना विकास को नई गति देने के लिए पूंजीगत निवेश लगातार बढ़ाया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य का पूंजीगत परिव्यय एक लाख करोड़ रुपये के स्तर को पार करने की संभावना है। राज्य सरकार द्वारा प्राप्त ऋण का उपयोग मुख्य रूप से सिंचाई परियोजनाओं, सड़क एवं एक्सप्रेस-वे, विद्युत अधोसंरचना तथा अन्य दीर्घकालिक परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए किया जाता है। इन परियोजनाओं से कृषि उत्पादन, औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।

राज्य सरकार के अनुसार वेतन-भत्ते, पेंशन, अनुदान तथा लाड़ली बहना और मुख्यमंत्री किसान कल्याण जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के राजस्व व्यय की पूर्ति के लिए ऋण नहीं लिया जाता। ऋण प्रबंधन में उत्पादक पूंजीगत निवेश को प्राथमिकता दी जाती है।

राजकोषीय अनुशासन के मानकों पर संतुलित स्थिति

मध्यप्रदेश सरकार संविधान के अनुच्छेद 293(3) के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित उधारी सीमा और राजकोषीय उत्तरदायित्व एवं बजट प्रबंधन अधिनियम (एफआरबीएम) के प्रावधानों के अनुरूप ऋण प्राप्त कर रही है। बजट अनुमान 2026-27 में राज्य का ऋण और सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का अनुपात 32.53 प्रतिशत अनुमानित है।

प्रदेश में ब्याज भुगतान और राजस्व प्राप्तियों का अनुपात लगभग 10 से 11 प्रतिशत है। यह राज्य की राजस्व प्राप्तियों के मुकाबले ब्याज भुगतान के नियंत्रित स्तर को दर्शाता है। वहीं, पिछले दस वर्षों में प्रदेश की जीएसडीपी 10 प्रतिशत से ऊपर रही है।

राज्य सरकार भारतीय रिजर्व बैंक के निर्धारित तिमाही कैलेंडर के अनुसार योजनाबद्ध तरीके से बाजार ऋण प्राप्त कर रही है, जिससे ऋण प्रबंधन में पारदर्शिता और बेहतर ब्याज दरों का लाभ मिल रहा है।

प्रति व्यक्ति ऋण नहीं, आर्थिक क्षमता और परिसंपत्तियां भी वित्तीय स्थिति का आधार

सार्वजनिक ऋण के आंकलन में केवल प्रति व्यक्ति ऋण को आधार बनाना राज्य की वास्तविक आर्थिक स्थिति का संपूर्ण चित्र प्रस्तुत नहीं करता। ऋण का मूल्यांकन राज्य की जीएसडीपी, राजस्व प्राप्तियों, ब्याज भुगतान क्षमता, पुनर्भुगतान रिकॉर्ड और ऋण से निर्मित उत्पादक परिसंपत्तियों के आधार पर किया जाना आवश्यक है।

मध्यप्रदेश में पिछले दो दशकों के दौरान सड़क नेटवर्क, सिंचाई क्षमता, ऊर्जा और शहरी अधोसंरचना का व्यापक विस्तार हुआ है। राज्य सरकार की वित्तीय नीति का केंद्र ऋण के माध्यम से ऐसी स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण करना है, जो आने वाले वर्षों में प्रदेश की आर्थिक प्रगति और राजस्व क्षमता को मजबूत करे।

मध्यप्रदेश सरकार की विकासोन्मुख वित्तीय रणनीति में ऋण केवल वित्तीय संसाधन जुटाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि भविष्य की आर्थिक क्षमता और अधोसंरचना निर्माण में निवेश का महत्वपूर्ण साधन भी है। राज्य सरकार राजकोषीय अनुशासन, समयबद्ध ऋण पुनर्भुगतान और पूंजीगत निवेश के संतुलन के साथ विकसित मध्यप्रदेश के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रही है।

इन्हें भी पढ़ें:

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News