इंदौर (मध्यप्रदेश), 28 नवंबर (भाषा) इंदौर में सरकारी क्षेत्र के एक आवासीय विद्यालय का पंखा खराब होने को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत करने वाले छात्र को प्राचार्य द्वारा परीक्षा में अनुत्तीर्ण करने की धमकी देने का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कर प्राचार्य के निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
हालांकि, प्राचार्य का दावा है कि उनके द्वारा कही गई बातों को ‘‘तोड़-मरोड़कर’’ पेश किया जा रहा है और उनका उद्देश्य छात्र को नुकसान पहुंचाना नहीं था।
घटना वर्ष 1922 में स्थापित और ‘मल्हार आश्रम’ के नाम से पहचाने जाने वाले शासकीय सांदीपनि बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की है।
वीडियो में प्राचार्य देवेंद्र रामीश छात्रों के समूह के बीच खड़े कक्षा 11वीं के एक विद्यार्थी से पूछते सुनाई दे रहे हैं कि उसने अपने कमरे का पंखा खराब होने की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर उन्हें बताए बिना क्यों की?
प्राचार्य अपने मोबाइल फोन पर एक संदेश टाइप करके छात्र से उसे पढ़कर सुनाने को कहते हैं जिसमें छात्र को प्रायोगिक और आंतरिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण करने की बात लिखी गई है।
वीडियो में प्राचार्य छात्र से कहते सुनाई दे रहे हैं कि चूंकि उसने उन्हें बताए बिना शिकायत की है, इसलिए वह भी उसके खिलाफ बिना बताए कदम उठा सकते हैं।
वीडियो के आखिर में वह छात्र से कहते सुनाई देते हैं, ‘‘तेरे से मेरे को डर लगने लग गया। कहीं मेरे से गलत हो जाएगा तो तू जिंदगी भर रोएगा मेरे नाम का। वैसे मेरी कुछ बुरा करने की इच्छा नहीं है, पर बुरा हो गया तो क्या करूंगा? तू मर-मरा जाएगा फालतू में…कोई मतलब रहेगा नहीं। तेरे को समझ में आएगी नहीं बात।’’
प्राचार्य रामीश ने शनिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि उनके कथनों को संदर्भ से अलग करके ‘‘तोड़-मरोड़कर’’ पेश किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि छात्र ने कुछ लोगों के ‘‘बहकावे’’ में आकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘छात्र के कमरे का पंखा खराब होने पर एक रात पहले ही उसका कंडेंसर बदलवाकर पंखा दुरुस्त करा दिया गया था। इसके बावजूद छात्र ने अगले दिन सुबह बिना मुझे बताए सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत कर दी।’’
प्राचार्य ने कहा कि वीडियो में उनकी भाषा या लहजा गलत हो सकता है, लेकिन उनका उद्देश्य छात्र को भविष्य में ऐसी शिकायत करने से पहले अपनी समस्या विद्यालय प्रबंधन को बताने के लिए समझाना था।
इस बीच, जिला प्रशासन के दल ने मल्हार आश्रम पहुंचकर जांच की।
अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) निधि वर्मा ने कहा, ‘‘आवासीय विद्यालय के छात्रावास में काफी अव्यवस्थाएं मिली हैं और इसमें स्वच्छता संबंधी गंभीर समस्याएं हैं। छात्रावास में आग बुझाने के यंत्र नहीं मिले तथा भोजन कक्ष की स्थिति भी बेहद खराब थी।’’
एसडीएम ने बताया कि आवासीय विद्यालय के छात्रों ने उनसे पेयजल की समस्या और भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायत की है।
जिलाधिकारी शिवम वर्मा ने कहा, ‘‘घटना की जांच कराई गई है। संबंधित लोगों के बयान लिए गए हैं। प्राचार्य के निलंबन का प्रस्ताव भेजा जा रहा है।’’
भाषा हर्ष खारी
खारी
