(ब्रजेन्द्र नाथ सिंह)
भोपाल, 21 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह ने कहा है कि गुटबाजी तो हर पार्टी में है लेकिन कांग्रेस में इसे ‘मैनेज’ करने की कमी है।
सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में मुख्यमंत्री मोहन यादव पर भी निशाना साधा और कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ‘घोषणावीर’ कहा जाता था लेकिन वह इस मामले में उनसे भी ‘सीनियर’ निकले।
कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई में अक्सर हावी रहने वाली गुटबाजी के बारे में पूछे जाने पर विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता ने कहा, ‘‘गुटबाजी कहां नहीं है। यह तो हर पार्टी में है। कांग्रेस में भी है, भाजपा में भी है। हमारे यहां इसे ‘मैनेज’ करने की कमी है।’’
उन्होंने कहा कि वह पिछले एक साल के भीतर मध्यप्रदेश के करीब 90 प्रतिशत से अधिक जिलों में घूम चुके हैं और सब जगह एक ही बात करते हैं कि (कांग्रेस को सत्ता में लाने का) यह (2028) आखिरी चुनाव है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सबको मिलकर काम करना चाहिए। पहले हम सरकार बना लें फिर देखा जाएगा।’’
सिंह ने कहा कि कांग्रेस के आम कार्यकर्ताओं में किसी प्रकार की कोई गुटबाजी नहीं है, चंद कुछ नेताओं में गुटबाजी जरूर होगी लेकिन वह भी उनके निजी स्वार्थ के लिए।
उन्होंने कहा हालांकि कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर यह बात प्रचलित हो गई है कि यहां गुटबाजी बहुत अधिक होती है।
उन्होंने कहा, ‘‘गुटबाजी किस प्रांत (राज्य) में नहीं है। हरियाणा में भी चुनाव होने वाला है। हुड्डा (भूपेंद्र सिंह हुड्डा) और सैलजा (कुमारी सैलजा) के बीच गुटबाजी है कि नहीं? इसलिए पिछली बार हरियाणा में हमारी सरकार नहीं बन सकी।’’
कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत अर्जुन सिंह के पुत्र अजय सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस का इतिहास देखा जाए तो मुख्य रूप से यहां हमेशा दो गुट रहे और उनमें राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई भी रही।
उन्होंने कहा, ‘‘शुक्ला (श्यामा चरण शुक्ल) गुट और डी पी मिश्रा (द्वारका प्रसाद मिश्र) गुट। डी पी मिश्रा गुट के उत्तराधिकारी पिताजी बनें। शुक्ला गुट चलता रहा। अब शुक्ला जी तो चले गए छत्तीसगढ़। फिर तीन-चार गुट हो गए। दिग्विजय सिंह गुट, कमलनाथ गुट, अर्जुन सिंह का.. जो भी हो मान लो…। सिंधिया जी एक गुट था, जो भाजपा में चला गया।’’
ज्ञात हो कि श्यामा चरण शुक्ल, मध्यप्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित रविशंकर शुक्ल के बेटे थे और वह तीन बार इस राज्य के मुख्यमंत्री रहे। हालांकि, तीनों ही बार वह पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर सके थे।
श्यामा चरण शुक्ल के छोटे भाई विद्या चरण शुक्ल नौ बार लोकसभा के सदस्य रहे हैं इंदिरा गांधी और चंद्रशेखर के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री रहे। अविभाजित मध्यप्रदेश में शुक्ल परिवार का लंबे समय तक दबदबा रहा। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद दोनों भाई वहां की राजनीति में सक्रिय हो गए।
साल 2007 में श्यामा चरण शुक्ल के निधन और फिर 2013 में झीरम घाटी में हुए नक्सली हमले में विद्या चरण शुक्ल की मौत के बाद इस परिवार का तकरीबन राजनीतिक अस्त हो गया।
स्वतंत्रता सेनानी, साहित्यकार एवं पत्रकार रहे द्वारका प्रसाद मिश्र मध्यप्रदेश के तीसरे मुख्यमंत्री थे। वह दो बार राज्य के मुख्यमंत्री बने।
शुक्ला परिवार और मिश्र के बीच शुरुआती मित्रता बाद में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में तब्दील हो गई थी, जिसने दिल्ली से लेकर मध्यप्रदेश तक राजनीति को प्रभावित करती रही।
इंदिरा गांधी के राजनीतिक सलाहकार रहे मिश्र के निधन के बाद अर्जुन सिंह ने उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाया और फिर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर केंद्रीय मंत्री तक का सफर तय किया।
सातवीं बार के विधायक अजय सिंह से मुख्यमंत्री यादव के अब तक के कार्यकाल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह तक कोई छाप नहीं छोड़ सके हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘खास तौर पर जब वह मध्यप्रदेश के गृह मंत्री भी हैं और कानून व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी भी उनकी है। मध्यप्रदेश की कानून व्यवस्था दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। ऐसे में इसकी जिम्मेदारी भी उनके सिर पर आती है।’’
उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि राज्य में घोषणाएं बहुत सारी हो रही हैं लेकिन कोई क्रियान्वयन नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘आप कम घोषणा करें, पर जो करें उसे जमीन पर उतारा जाए। तब तो कोई मतलब है। शिवराज सिंह चौहान को घोषणावीर कहा जाता था लेकिन इस मामले में मोहन यादव उनसे भी ‘सीनियर’ निकले।’’
विपक्ष के तौर पर इस दौरान कांग्रेस की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि यह जितना प्रभावी होना चाहिए था, वह नहीं रहा।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की भूमिका तब प्रभावशाली होती है, जब विधानसभा में कार्यवाही हो लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि सदन की बैठकें सीमित कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष तभी प्रभावशाली होता है जब सदन में धरना-प्रदर्शन हो और सवाल हो। पर सदन के बाहर यह जरूर है कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। मेरा मानना है कि अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।’’
इस सवाल पर कि दिग्विजय सिंह ने कहा है कि कांग्रेस मध्यप्रदेश विधानसभा का अगला चुनाव प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ेगी, अजय सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने किस हिसाब से ऐसा कहा है, ये वही जानें।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस बारे में कोई भविष्यवाणी करने लायक नहीं।’’
भाषा ब्रजेन्द्र रवि कांत राजकुमार रंजन
रंजन
