गृह विभाग नहीं संभल रहा तो किसी अनुभवी नेता को इसकी कमान सौंपें मुख्यमंत्री यादव: अजय सिंह

By
—
On:
Follow Us

भोपाल, 19 नवंबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में पुलिस पूरी तरह बेलगाम होती जा रही है और मुख्यमंत्री मोहन यादव गृह विभाग की जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे हैं। उन्होंने यादव से प्रदेश हित में गृह मंत्रालय की कमान किसी वरिष्ठ और अनुभवी मंत्री को सौंपने का आग्रह किया।

साल 2023 के दिसंबर महीने में मुख्यमंत्री बनने के बाद मोहन यादव ने जब अपनी मंत्रिपरिषद के सदस्यों के बीच विभागों का बंटवारा किया था तब उन्होंने गृह विभाग भी अपने पास रखा था और तब से वह इस जिम्मेदारी को भी संभाल रहे हैं।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष सिंह ने सिवनी में होटल में ठहरे एक प्रेमी जोड़े के बैग में गांजा रखकर फर्जी केस बनाने की धमकी देने और जांच के नाम पर हवाला के करीब 2.96 करोड़ रुपये गबन करने जैसे पुलिस महकमे पर लगे गंभीर आरोपों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि मध्यप्रदेश में पुलिस पूरी तरह बेलगाम होती जा रही है।

उन्होंने एक बयान में आरोप लगाया, ‘‘मुख्यमंत्री ‘इवेंट मैनेजमेंट’ और रील बनाने में व्यस्त हैं, जिसके कारण वह गृह विभाग पर समुचित नियंत्रण नहीं रख पा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है कि गृह विभाग स्वयं मुख्यमंत्री के पास होने के बावजूद आए दिन पुलिस द्वारा लूट, ताकत के गलत इस्तेमाल, धन हड़पने और दुर्व्यवहार के मामले सामने आ रहे हैं।

सिंह ने कहा कि जब पुलिस खुद डकैती, वसूली और हत्या जैसे अपराधों में लिप्त हो जाए तो आम नागरिक न्याय के लिए कहां जाए?

उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया, ‘‘यदि व्यस्तताओं के कारण उनसे गृह विभाग नहीं संभल पा रहा है तो प्रदेश हित में बेहतर होगा कि वे इसकी कमान किसी वरिष्ठ और अनुभवी मंत्री को सौंप दें।’’

उन्होंने कहा कि इससे बेलगाम पुलिस पर नकेल कसी जा सकेगी और प्रदेश में कानून-व्यवस्था नियंत्रित हो सकेगी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह चाहे सिवनी की घटनाएं हों या प्रदेश के किसी अन्य जगहों की, मुख्यमंत्री यादव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को निलंबित किया।

उन्होंने कहा कि राज्य में जब कांग्रेस की सरकार थी तब पुलिस महकमा पूरी तरह बेलगाम था, लेकिन आज मध्यप्रदेश में कानून का राज है और मोहन सरकार अपराधियों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रही है।

भाजपा प्रवक्ता यादव ने हाल ही में शराब तस्करी मामलों में कांग्रेस के कुछ नेताओं की संलिप्तता और गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रमुख विपक्षी दल के नेता इससे बौखलाए हुए हैं और हताशा में अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं।

भाषा ब्रजेन्द्र संतोष

संतोष

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News