बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य में एक बाघ का सड़ा-गला शव पाया गया, प्रबंधन ने सामान्य मौत बताया

By
—
On:
Follow Us

उमरिया, 19 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य में बुधवार को एक वयस्क नर बाघ का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। वन विभाग के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मानपुर बफर परिक्षेत्र में बिजौरी सर्कल अंतर्गत देवरी-बी बीट में नियमित गश्त के दौरान बाघ का शव बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित आयु लगभग 8 से 10 वर्ष थी।

बांधवगढ़ बाघ अभयारण्य के प्रभारी क्षेत्र संचालक अनुराग कुमार ने बताया कि पैदल गश्ती के दौरान बीट प्रभारी देवरी-बी एवं सुरक्षा श्रमिक द्वारा सर्वप्रथम बाघ का शव देखा गया, जिसकी सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार घटनास्थल की घेराबंदी कर आवश्यक सुरक्षा एवं साक्ष्य संबंधी कार्रवाई की गई तथा मृत बाघ के शव को नियमानुसार सुरक्षित रखा गया।

अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में शहडोल से बुलाए गए श्वान दस्ते, मेटल डिटेक्टर तथा वन विभाग के मैदानी अमले की सहायता से सघन तलाशी ली गई ताकि किसी भी संभावित संदिग्ध गतिविधि अथवा महत्वपूर्ण साक्ष्य का पता लगाया जा सके लेकिन कुछ भी संदिग्ध प्राप्त नहीं हुआ।

कुमार ने बताया कि मृत बाघ के समस्त अवयव, नाखून, दांत आदि सुरक्षित पाए गए और शव पोस्टमार्टम के दौरान आवश्यक परीक्षण एवं नमूना संकलन की कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि इसके बाद निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार मृत बाघ का दाह संस्कार किया गया।

अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया बाघ की मौत सामान्य प्रतीत हो रही है लेकिन शव के नमूनों की प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट निर्धारण किया जा सकेगा।

भाषा सं ब्रजेन्द्र

संतोष

संतोष

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News