भोपाल में पुलिस ने ट्रक का पीछा कर 96 लाख रुपये मूल्य की 9700 लीटर अवैध शराब जब्त की

By
—
On:
Follow Us

भोपाल, 19 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने बुधवार रात एक ट्रक से करीब 96 लाख रुपये मूल्य की 1075 पेटी (लगभग 9700 लीटर) अवैध शराब जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि शराब की प्रत्येक पेटी पर मध्यप्रदेश की एक प्रमुख शराब और बियर निर्माता कंपनी का नाम लिखा हुआ है।

निशातपुरा पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) शशांक जैन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि बुधवार की रात सूचना मिली थी कि एक ट्रक बहुत तेज गति में गांधी नगर इलाके से करोंद की तरफ बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने करोंद चौराहे पर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, किंतु वह नहीं रुका और आगे जाकर आधार अस्पताल के पास एक कार को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ गया।

अधिकारी ने बताया, ‘ट्रक का पीछा कर उसे रोका गया। जांच करने पर ट्रक में 1075 पेटी अवैध शराब पाई गईं, जिनके क्रय, विक्रय और परिवहन संबंधी कोई भी दस्तावेज नहीं थे।’

जैन ने बताया कि आबकारी अधिनियम की धारा 34 (2) के अंतर्गत ट्रक से बरामद लगभग 96 लाख रुपये मूल्य की 9700 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर ली गई।

पुलिस ने एक बयान में बताया कि लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के ट्रक को भी जब्त कर लिया गया और चालक मंडीदीप निवासी राम किशन बमोरिया (38) को गिरफ्तार किया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने कहा कि इस अवैध शराब परिवहन में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी भी जुटाई जा रही है।

भाषा ब्रजेन्द वैभव

वैभव

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News