जबलपुर, 18 नवंबर (भाषा) मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश ने अपनी पूरक मौसमी बिजली आवश्यकताओं के आधार पर पंप भंडारण क्षमता के लिए संयुक्त खरीद मॉडल की शुरुआत की है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस मॉडल की मुख्य विशेषता दोनों राज्यों में मौसमी बिजली मांग में उतार-चढ़ाव के अनुसार समान ऊर्जा भंडारण क्षमता का समन्वित उपयोग है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश नवंबर से अप्रैल तक भंडारण क्षमता का उपयोग करेगा जबकि उत्तर प्रदेश मई से अक्टूबर तक इसका उपयोग करेगा।
मध्यप्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (एमपीपीएमसीएल) ने उत्तर प्रदेश के सहयोग से 500 मेगावाट पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट (पीएसपी) क्षमता के लिए प्रतिस्पर्धी ई-रिवर्स नीलामी के माध्यम से खरीद प्रक्रिया पूरी कर ली है।
अधिकारी ने कहा कि इस नवोन्मेषी व्यवस्था से पूरे वर्ष ऊर्जा भंडारण अवसंरचना के उपयोग को अनुकूलित करने, बिजली खरीद लागत को कम करने और दोनों राज्यों द्वारा भंडारण क्षमता में अलग-अलग निवेश की आवश्यकता कम होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था प्रत्येक राज्य को स्वतंत्र रूप से अतिरिक्त ऊर्जा भंडारण क्षमता स्थापित करने की आवश्यकता को कम करेगी।
अधिकारी ने बताया कि खरीद प्रक्रिया के हिस्से के रूप में, इंटर-स्टेट ट्रांसमिशन सिस्टम से जुड़े पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट्स से 500 मेगावाट क्षमता के लिए एक दीर्घकालिक पावर परचेज एग्रीमेंट (पीपीए) प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित समझौते की अवधि 40 वर्षों की होगी, जिसमें ऊर्जा भंडारण की अवधि छह घंटे होगी और लगातार बिजली आपूर्ति चार घंटे तक की होगी।
अधिकारी ने बताया कि इस व्यवस्था से मांग के चरम समय में महंगे अल्पकालिक बिजली खरीद पर निर्भरता भी कम होने की संभावना है। उन्होंने कहा, ‘‘यह अन्य राज्यों के लिए भी एक उपयोगी मॉडल हो सकता है।’’
भाषा ब्रजेन्द्र आशीष
आशीष
