मप्र:‘वोट चोरी’ पर होगी सियासी जंग,संविधान रक्षा मार्च में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में कांग्रेस

By
—
On:
Follow Us

इंदौर, 19 नवंबर (भाषा) मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस में जारी टकराव के बीच प्रमुख विपक्षी दल 26 नवंबर को भोपाल में प्रस्तावित ‘संविधान रक्षा मार्च’ के जरिये शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है।

संविधान दिवस पर होने वाले इस आयोजन में कांग्रेस ने राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र से कम से कम 1,000 कार्यकर्ताओं को जुटाने का दावा किया है। सूबे में विधानसभा की 230 सीट हैं।

कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के विशेष आमंत्रित सदस्य मोहम्मद आरिफ नसीम खान संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों को लेकर इंदौर में बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में शामिल हुए।

खान ने संवाददाताओं से कहा,‘‘वोट चोरी के मुद्दे पर हम निर्वाचन आयोग और भाजपा की सरकार के खिलाफ भोपाल में संविधान रक्षा मार्च निकालेंगे। इसमें शामिल होने के लिए राज्य के हर विधानसभा क्षेत्र से कम से कम 1,000 कार्यकर्ता राजधानी के लिए कूच करेंगे।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की शह पर मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में पात्र मतदाताओं के नाम काटकर लोकतंत्र को खतरे में डाला जा रहा है।

खान ने कहा कि कांग्रेस राज्य में ‘वोट रक्षक’ अभियान भी संचालित कर रही है जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर उन मतदाताओं के नामों का सत्यापन करेंगे जिन्हें मतदाता सूचियों से हटा दिया गया है।

कांग्रेस ऐसे वक्त ‘संविधान रक्षा मार्च’ के आयोजन की तैयारियों में जुटी है, जब भाजपा द्वारा कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्राएं निकाली जा रही हैं।

इन पदयात्राओं में सत्तारूढ़ दल के नेता आरोप लगा रहे हैं कि विपक्ष संविधान व लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान कर रहा है और एसआईआर के विरोध की आड़ में घुसपैठियों को भी मतदान का अधिकार दिलाने की कोशिश में जुटा है।

भाषा हर्ष संतोष

संतोष

Source link

For Feedback - vindhyaajtak@gmail.com 

विज्ञापन

WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.28 PM
WhatsApp Image 2026-08-14 at 10.20.27 PM

Leave a Comment

Breaking News